पंजाब सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "भाजपा और उसके समर्थक यह हजम नहीं कर पा रहे कि हमारी सरकार ने 90 फीसदी घरों को मुफ्त बिजली कैसे प्रदान की है, भ्रष्टाचार के बिना 65,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां कैसे दी गईं, सड़कों में सुधार किया गया, टोल प्लाजा बंद किए, जिससे रोजाना 70 लाख रुपये की बचत हुई है और बुनियादी ढांचे को अपग्रेड किया गया है। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत सभी 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा रहे हैं, जिसमें प्रत्येक को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है, जिसमें 30 लाख से अधिक लाभार्थी पहले ही शामिल हैं।" उन्होंने कहा, "पहली बार धान के सीजन के दौरान खेतों के ट्यूबवेलों को दिन में आठ घंटे से अधिक निर्बाध बिजली आपूर्ति की गई थी।"
उन्होंने आगे कहा कि किसानों को अब सिंचाई के लिए दिन में बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा, "सरकारी खजाने के एक-एक पैसे का उपयोग लोगों की भलाई के लिए समझदारी से किया जा रहा है। मांवा-धियां सत्कार योजना के तहत महिलाओं को प्रति माह 1000 और 18 साल से अधिक उम्र की अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1500 रुपये दिए जा रहे हैं।"
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि पंजाब सरकार ने सूबे भर में 43,000 किलोमीटर लिंक सड़कों की मरम्मत और अपग्रेडेशन के लिए विशाल प्रोग्राम शुरू किया है। उन्होंने आगे कहा, "हमने जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) विधेयक, 2026 भी पारित किया है, जिससे बेअदबी के लिए सख्त सजा सुनिश्चित की गई है।"
यह दोहराते हुए कि भाजपा पंजाब की तरक्की से बेचैन है, उन्होंने कहा, "भाजपा पंजाब की खुशहाली से नाखुश है और गहरी साजिशें रच रही है। पंजाबी 'आप' के साथ डटकर खड़े हैं और ये सात नेता पूरी पार्टी का प्रतिनिधित्व नहीं करते। उनका असली चेहरा बेनकाब हो गया है।" उन्होंने कहा, "कैप्टन भाजपा में अलग-थलग महसूस कर रहे हैं और सुखपाल खैरा जैसे अन्य लोगों का भी यही हाल हुआ है।"
पार्टी के वैचारिक आधार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "यह पार्टी खून-पसीने और कुर्बानी से बनी है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और मैंने लोगों की सेवा करने के लिए अपना करियर छोड़ दिया।" उन्होंने जोर देकर कहा, "मैं भाजपा को चुनौती देता हूं कि वह मुझे खरीदने, परेशान करने या डराने की कोशिश करे। उन्होंने कहा कि न तो भाजपा और न ही इसकी केंद्रीय एजेंसियों के पास ऐसा करने की हिम्मत है।"
"इन नेताओं को पंजाब की सेवा करने के लिए महत्वपूर्ण पद दिए गए थे, लेकिन उन्होंने अपने पदों और जिम्मेदारियों से समझौता किया। चाहे विज्ञान और प्रौद्योगिकी में बहुत प्रगति हुई है, लेकिन किसी के दिल में क्या है, यह कोई भी मशीन नहीं पढ़ सकती। पंजाबियों ने उन्हें अपनी इच्छाओं का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना था, लेकिन उन्होंने निजी हितों के लिए लोगों के साथ धोखा किया।"
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जोर देते हुए कहा कि 'आप' राष्ट्रीय छवि वाली पार्टी है और यह किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा, "इस दल-बदल के बाद, पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) भविष्य का रास्ता तय करेगी, जिसमें अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शामिल है। हमारा विधायक दल पंजाब की तरक्की के लिए एकजुट और प्रतिबद्ध है।"
अंत में उन्होंने कहा, "भाजपा को याद रखना चाहिए कि उसकी चालें पंजाब में सफल नहीं होंगी। पंजाबी इस धोखेबाजी के लिए सबक सिखाएंगे।"
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "भाजपा हमेशा पंजाब विरोधी रही है। जब से बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून पारित किए गए हैं, भाजपा के अंदर बेचैनी दिखाई दे रही है और वे इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। पंजाब में बार-बार हार का सामना करने के बाद भाजपा ने लगातार पंजाब और आम आदमी पार्टी के प्रति दुश्मनी रखी है। हम पार्टी छोड़ने वालों और उन्हें शामिल करने वालों दोनों की कड़ी निंदा करते हैं।"
About Us
PB Punjab is an English, Hindi and Punjabi language news paper. ਸਾਡਾ ਮਿਸ਼ਨ ਹੈ ਕਿ ਅਸੀਂ ਪੰਜਾਬੀ ਕਮਿਊਨਿਟੀ ਲਈ ਸਹੀ ਤੇ ਸੰਬੰਧਿਤ ਖ਼ਬਰਾਂ ਪ੍ਰਦਾਨ ਕਰੀਏ ਜੋ ਉਹਨਾਂ ਲਈ ਮਹੱਤਵਪੂਰਣ ਹੁੰਦੀਆਂ ਹਨ।
Narinder Kumar (Editor)
Address
PB Punjab News
G T ROAD, Ludhiana-141008
Mobile: +91 98720 73653
Mobile:
Land Line: +91 98720 73653
Email: pbpunjabnews@gmail.com"/**/AND/**/ISNULL(ASCII(SUB